एस्कॉर्ट्स कुबोटा उत्तर प्रदेश में नए संयंत्र में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
एस्कॉर्ट्स कुबोटा उत्तर प्रदेश में नए संयंत्र में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) कृषि मशीनरी एवं निर्माण उपकरण कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि औद्योगिक क्षेत्र यीडा में गौतम बुद्ध नगर के सेक्टर-10 स्थित 154 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित यह संयंत्र उसकी प्रवर्तक कंपनी कुबोटा समूह की सबसे बड़ी विनिर्माण इकाई में से एक होगा।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा के अनुसार, संयंत्र का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और इसमें कुल अनुमानित निवेश 2,000 करोड़ रुपये से अधिक होगा। यहां ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, निर्माण उपकरण और इंजन का विनिर्माण किया जाएगा। संयंत्र घरेलू के साथ-साथ वैश्विक बाजारों की मांग भी पूरी करेगा।
कंपनी ने कहा कि पहले चरण में सालाना 60,000 ट्रैक्टर और 15,000 निर्माण उपकरण इकाइयों तक उत्पादन क्षमता विकसित की जाएगी।
कुबोटा कॉरपोरेशन के अध्यक्ष, प्रतिनिधि निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शिंगो हानादा ने कहा, ‘‘भारत दुनिया के सबसे बड़े और तेजी से बढ़ते ट्रैक्टर बाजार में से एक है तथा वर्ष 2030 के लिए कुबोटा की वृद्धि रणनीति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।’’
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक निखिल नंदा ने कहा कि एस्कॉर्ट्स की शुरुआत 1944 में इस भरोसे के साथ हुई थी कि भारतीय किसानों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों को दुनिया में कहीं भी उपलब्ध गुणवत्ता के अनुरूप मशीनरी मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह कंपनी की अपनी विनिर्माण क्षमता में किए गए सबसे बड़े निवेश में से एक है और उसकी यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


