नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी प्रणव कंस्ट्रक्शंस के शेयर अपनी सूचीबद्धता के दिन मंगलवार को 124 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले छह प्रतिशत से अधिक चढ़कर बंद हुए।
कंपनी का शेयर बीएसई पर 162 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 30.64 प्रतिशत अधिक है। एक समय यह 32.66 प्रतिशत चढ़कर 164.50 रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि, बाद में इसने ज्यादातर बढ़त गंवा दी और 4.51 प्रतिशत बढ़त के साथ 129.60 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई पर कंपनी का शेयर 165 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 33 प्रतिशत अधिक है। यह कारोबार के अंत में 6.45 प्रतिशत बढ़कर 132 रुपये पर बंद हुआ।
इसके साथ ही कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,459.59 करोड़ रुपये रहा।
प्रणव कंस्ट्रक्शंस के 351 करोड़ रुपये के आईपीओ को पिछले सप्ताह बोली के अंतिम दिन 121 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ सात से नौ सितंबर तक 118-124 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे में खुला था।
कंपनी ने आईपीओ खुलने के पहले बड़े निवेशकों से 84.24 करोड़ रुपये जुटाए थे।
प्रणव कंस्ट्रक्शंस मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में बृहन्मुंबई महानगरपालिका के पुनर्विकास क्षेत्र पर केंद्रित रियल एस्टेट डेवलपर है।
भाषा प्रेम
प्रेम
प्रेम