वाशिंगटन, 15 सितंबर (एपी) कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के संभावित नुकसानों को लेकर प्रौद्योगिकी उद्योग जगत की लगातार बढ़ती चेतावनियां वाशिंगटन (अमेरिका) की राजनीतिक खींचतान की भेंट चढ़ रही हैं। यह स्थिति देश की संघीय सरकार की क्षमता और इच्छाशक्ति की एक नयी परीक्षा है कि क्या वह इस दौर के सबसे बड़े और निर्णायक मुद्दे का सामना करने के लिए तैयार है या नहीं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रौद्योगिकी जगत के दिग्गजों द्वारा सरकार से अधिक नियमन की हालिया मांगों का कड़ा विरोध कर रहे हैं। नियमन की मांग करने वालों में ‘एंथ्रोपिक’ के डारियो अमोदेई, ‘ओपनएआई’ के सैम ऑल्टमैन और ‘एक्सएआई’ के एलन मस्क जैसे दिग्गज शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने सोमवार को इस प्रौद्योगिकी पर अंकुश लगाने की कोशिशों को एक ‘साजिश’ करार देते हुए खारिज कर दिया। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत अन्य प्रमुख रिपब्लिकन नेताओं ने इस मामले में सावधानी बरतने की बात कही है। दूसरी ओर, हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने इस मुद्दे पर पूरी तरह से व्हाइट हाउस (राष्ट्रपति) के फैसले पर सहमति जताई है।
दूसरी ओर, डेमोक्रेट पार्टी के नेता इस मुद्दे पर अधिक कड़े और असरदार कदमों की मांग कर रहे हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को अमेरिकी संसद के निम्न सदन प्रतिनिधि सभा में एआई पर चर्चा के लिए उनकी निजी बैठक हुई। इस साल चुनावी मैदान में उतरे जॉर्जिया के सेनेटर जॉन ओसॉफ जैसे प्रमुख उम्मीदवार वाशिंगटन से सख्त और व्यापक नीतिगत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस की दौड़ में शामिल होने के इच्छुक नेताओं को सलाह दे रहे हैं कि वे एआई से जुड़ी चिंताओं से निपटने के लिए एक ‘बेहद स्पष्ट और ठोस योजना’ तैयार करें।
विरोधाभासी प्रतिक्रियाएं उस गहरी खाई को उजागर करती हैं, जो इंसानी वजूद पर एआई के संभावित खतरों को लेकर चेतावनी दे रहे प्रौद्योगिकी क्षेत्र और अत्यधिक दलीय खींचतान व चुनावी साल के दबाव में बुनियादी काम करने के लिए भी संघर्ष कर रही संघीय सरकार के बीच तेजी से चौड़ी हो रही है।
गैर लाभकारी संस्था ‘पार्टनरशिप फॉर पब्लिक सर्विस’ के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मैक्स स्टियर ने कहा, ‘हमारे राजनीतिक नेताओं से जो संकेत मिल रहे हैं, वे इस बात को नहीं दर्शाते कि वे उस संकट को समझ रहे हैं जिससे हम असल में घिरे हुए हैं।’ उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘देरी करना बहुत भारी साबित होने वाला है।’
हालांकि, इस दलगत विभाजन के कुछ उल्लेखनीय अपवाद भी देखने को मिल रहे हैं। मंगलवार को वाशिंगटन में आयोजित होने वाले एक एआई सम्मेलन में बर्नी सैंडर्स और ट्रंप के सहयोगी स्टीव बैनन जैसे दिग्गज एक साथ वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वहीं, मिज़ौरी से रिपब्लिकन सेनेटर जोश हॉले ने पिछले सप्ताह ‘ओपनएआई’ के खिलाफ जांच शुरू की है, क्योंकि उसकी एआई प्रणाली ने खुद-ब-खुद (बिना किसी मानवीय मदद के) एक दूसरी एआई कंपनी को हैक कर लिया था।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश