स्काईवेज एयर सर्विसेज का शेयर पहले दिन के कारोबार में नौ प्रतिशत टूटा

स्काईवेज एयर सर्विसेज का शेयर पहले दिन के कारोबार में नौ प्रतिशत टूटा

स्काईवेज एयर सर्विसेज का शेयर पहले दिन के कारोबार में नौ प्रतिशत टूटा
Modified Date: September 1, 2026 / 07:51 pm IST
Published Date: September 1, 2026 7:51 pm IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) एयर फ्रेट फॉरवर्डिंग और लॉजिस्टिक कंपनी स्काईवेज एयर सर्विसेज लिमिटेड का शेयर मंगलवार को 138 रुपये के निर्गम मूल्य की तुलना में नौ प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

बीएसई में कंपनी के शेयर की शुरुआत 124.50 रुपये पर हुई, जो निर्गम मूल्य से 9.78 प्रतिशत कम थी। दिन के दौरान, इसमें 13.76 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 119 रुपये तक गिर गया। अंत में यह 125.65 रुपये पर बंद हुआ, जो 8.94 प्रतिशत की गिरावट है।

एनएसई में, कंपनी के शेयर ने 124 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो 10.14 प्रतिशत की गिरावट है। अंत में कंपनी का शेयर नौ प्रतिशत के नुकसान के साथ 125.56 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,826.24 करोड़ रुपये रहा।

स्काईवेज एयर सर्विसेज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को बोली के आखिरी दिन 71.25 गुना अभिदान मिला।

कंपनी के 582.79 करोड़ रुपये के आईपीओ में 2.89 करोड़ शेयरों तक का नया निर्गम और प्रवर्तकों व मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 1.33 करोड़ शेयरों तक की बिक्री पेशकश शामिल थी।

आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 131-138 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

नए निर्गम से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, अतिरिक्त कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में