वायदा बाजार में चांदी कीमतों में 6,911 रुपये की तेजी
वायदा बाजार में चांदी कीमतों में 6,911 रुपये की तेजी
नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 6,911 रुपये उछलकर 2.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध का खतरा फिलहाल टलने से निवेशकों का भरोसा लौटने से चांदी के भाव में तेजी आई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मई महीने में आपूर्ति वाले चांदी की कीमत 6,911 रुपये यानी 3.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,26,785 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। बृहस्पतिवार को शाम के सत्र में चांदी वायदा 14,960 रुपये यानी 6.37 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,19,874 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही थी।
रामनवमी के अवसर पर जिंस बाजार बृहस्पतिवार को सुबह के सत्र में बंद रहे थे और शाम के सत्र में कारोबार के लिए खुले।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूयॉर्क के कॉमेक्स (जिंस बाजार) में मई अनुबंध के लिए चांदी का वायदा भाव 2.02 डॉलर यानी तीन प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.96 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
ऑगमोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर सैन्य हमलों को 10 दिनों के लिए रोकने के फैसले से चांदी की कीमतों में सुधार आया है। हालांकि, शांति वार्ता को ईरान द्वारा खारिज किए जाने के बाद ट्रंप की कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी ने कीमती धातुओं की तेजी पर अंकुश लगाया।’’
उनके अनुसार, चांदी फिलहाल 66 डॉलर प्रति औंस (लगभग 2.19 लाख रुपये प्रति किलो) के प्रमुख समर्थन स्तर से ऊपर बनी हुई है और निकट भविष्य में इसके 66-75 डॉलर के दायरे में रहने की संभावना है।
भाषा सुमित रमण
रमण

Facebook


