नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच ताजा सुरक्षित निवेश वाली आस्तियों की लिवाली बढ़ने से वायदा बाजार में चांदी में चार दिन से जारी गिरावट का सिलसिला टूट गया और इसकी कीमत 2,168 रुपये की तेजी के साथ 2,58,700 रुपये प्रति किग्रा हो गयी।
मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के मई महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 2,168 रुपये यानी करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ 2,58,700 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी। जिसमें 5,995 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
दिन के कारोबार में चांदी में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया और यह 6,367 रुपये या 2.5 प्रतिशत बढ़कर 2,62,899 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
विश्लेषकों ने चांदी की कीमतों में उछाल का कारण पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर चिंताओं के बीच सुरक्षित-संपत्ति के लिए निवेशकों की बढ़ती मांग को बताया।
चॉइस ब्रोकिंग में जिंस विश्लेषक कावेरी मोरे ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजारों में सुरक्षित निवेश वाली आस्तियों की मांग के कारण चांदी की कीमतों में 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की तेजी आई है।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्गों, विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास, संभावित व्यवधान, ने निवेशकों को परेशान रखा है।
विदेशी बाजार में, न्यूयॉर्क के कॉमेक्स में मई डिलिवरी के लिए चांदी वायदा कीमत 0.68 प्रतिशत बढ़कर 81.23 डॉलर प्रति औंस हो गई।
ऑगमोंट में शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में चांदी की कीमतें 80 डॉलर प्रति औंस से ऊपर पहुंच गईं हैं, जो तेज गिरावट के बाद नए सिरे से सुरक्षित मांग को दर्शाता है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय