वैश्विक अनिश्चितता जारी रहने के बीच सेंसेक्स 383 अंक टूटा, निफ्टी 23,800 अंक के नीचे

वैश्विक अनिश्चितता जारी रहने के बीच सेंसेक्स 383 अंक टूटा, निफ्टी 23,800 अंक के नीचे

वैश्विक अनिश्चितता जारी रहने के बीच सेंसेक्स 383 अंक टूटा, निफ्टी 23,800 अंक के नीचे
Modified Date: September 7, 2026 / 05:17 pm IST
Published Date: September 7, 2026 5:17 pm IST

मुंबई, सात सितंबर (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स 383 अंक टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी 119 अंक नीचे आया।

कच्चे तेल के दाम में तेजी, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावना से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत टूटकर 76,132.81 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 544.91 अंक की गिरावट के साथ 75,970.52 अंक पर आ गया था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में 23 नुकसान में रहे जबकि सात में तेजी रही।

इसी तरह, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक जैसे शेयरों में गिरावट से नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,779.15 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस में सबसे ज्यादा 3.81 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा टेक महिंद्रा (1.96 प्रतिशत), टाटा स्टील (1.85 प्रतिशत), बजाज फिनसर्व (1.57 प्रतिशत), अल्ट्राटेक सीमेंट (1.41 प्रतिशत) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (1.28 प्रतिशत) प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल, मारुति और पावर ग्रिड शामिल हैं।

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में हमलों के बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड एक प्रतिशत से अधिक बढ़कर 97.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, “ वैश्विक अनिश्चितता जारी रहने और अमेरिका में ब्याज दर में संभावित बढ़ोतरी की आशंका के बीच बाजार में सोमवार को भारी बिकवाली का दबाव बना रहा।’’

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की ऊंची कीमत और वैश्विक अनिश्चितता जारी रहने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इससे भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। पूरे कारोबारी सत्र के दौरान जोखिम से बचने के रुख के कारण बाजार दबाव में रहा।’’

मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.84 प्रतिशत टूटा, जबकि छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप 0.15 अंक के नुकसान में रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहे। चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट भी बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,111.94 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 362.57 अंक चढ़कर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 24.25 अंक की बढ़त के साथ 23,897.70 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में