एआई की बिजली मांग पूरी करने के लिए टेक्सास में ‘टर्बाइन ब्लेड’ संयंत्र लगाएगी स्पेसएक्स
एआई की बिजली मांग पूरी करने के लिए टेक्सास में ‘टर्बाइन ब्लेड’ संयंत्र लगाएगी स्पेसएक्स
ह्यूस्टन, एक सितंबर (भाषा) वाणिज्यिक अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स गैस टर्बाइन के उच्च गुणवत्ता वाले ‘ब्लेड’ व ‘वेन’ बनाने के लिए अपने परिसर में एक विशेष संयंत्र लगा रही है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शनिवार को इन योजनाओं की पुष्टि करते हुए कहा कि स्पेसएक्स और टेस्ला सौर पैनल का उत्पादन बढ़ाने में लगे हैं। हालांकि अगले कई वर्षों तक बिजली की मांग को पूरा करने के लिए प्राकृतिक गैस जरूरी रहेगी।
इस रणनीतिक विस्तार का उद्देश्य उस गंभीर आपूर्ति श्रृंखला संबंधी बाधा को दूर करना है, जिसके कारण पूरे अमेरिका में कृत्रिम मेधा (एआई) डेटा केंद्रों के लिए जरूरी बिजली उत्पादन में देरी हो रही है।
टर्बाइन ब्लेड ढलाई संयंत्र एक विशेष विनिर्माण सुविधा होती है, जहां उन्नत ढलाई तकनीकों का इस्तेमाल कर विमान इंजन, वैमानिकी प्रणालियों और बिजली उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली गैस टर्बाइन के लिए अत्यधिक सटीक ‘ब्लेड’ और ‘वेन’ बनाए जाते हैं।
मस्क ने कहा, ‘‘प्राकृतिक गैस टर्बाइन के उत्पादन में सबसे बड़ी बाधा ‘ब्लेड’ और ‘वेन’ की ढलाई है। स्पेसएक्स में ही ढलाई करने से हम प्राकृतिक गैस टर्बाइन को परिचालन में लाने की प्रक्रिया में 18 महीने तक की तेजी ला सकते हैं, जो बड़े बदलाव का कारण बनेगा।’’
आगामी संयंत्र टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन से करीब 48 किलोमीटर पूर्व में बैस्ट्रॉप में स्थित होगा और यह स्पेसएक्स के मौजूदा स्टारलिंक विनिर्माण संयंत्र के पास होगा। यह कदम मार्च और जून 2026 के बीच इस क्षेत्र में स्पेसएक्स द्वारा करीब 830 एकड़ जमीन की गुपचुप तरीके से खरीद के बाद उठाया गया है
बैस्ट्रॉप संयंत्र में निकेल की एकल-क्रिस्टल सुपर-मिश्रधातु से बने ऐसे घटकों की ढलाई की जाएगी, जिन्हें टर्बाइन के अत्यधिक गर्म हिस्सों में 1,650 डिग्री सेल्सियस से 1,980 डिग्री सेल्सियस तक के अत्यधिक तापमान को सहने के लिए तैयार किया जाता है।
दुनिया भर में इन कलपुर्जों का उत्पादन करने में सक्षम विशेष ढलाई संयंत्र 2029-30 तक कोई नया काम नहीं ले सकते जिसके कारण देशभर में ऊर्जा परियोजनाओं का काम लंबित है।
स्पेसएक्स ने संयंत्र के परिचालन रूप से पूरा होने की कोई आधिकारिक समयसीमा जारी नहीं की है और इस स्थल से संबंधित राज्य के पर्यावरण नियामकीय दस्तावेज अब भी लंबित हैं।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा

Facebook


