नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी सुप्रा पैसेफिक फाइनेंशियल सर्विसेज लि. ने अगले तीन साल में 15 राज्यों में 500 शाखाएं खोलने के साथ 1,300 कर्मचारियों की भर्ती करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
कंपनी की वर्तमान में पांच राज्यों में 70 शाखाएं हैं जिनमें करीब 700 कर्मचारी हैं।
बयान के अनुसार, कंपनी ने आक्रामक विस्तार रणनीति के तहत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) को बढ़ाकर अगले तीन साल में 2,500 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है।
सुप्रा पैसेफिक फाइनेंशियल सर्विसेज ने कहा, ‘‘ विस्तार योजना के तहत कंपनी गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा और तेलंगाना में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी। साथ ही केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा में भी अपने कामकाज का विस्तार करेगी।’’
बयान के अनुसार, मौजूदा चरण में कंपनी गोवा में पांच नई शाखाएं खोलेगी। कुल मिलाकर कंपनी ने अगले तीन साल में 15 राज्यों में शाखाओं की संख्या बढ़ाकर 500 करने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी लंबी अवधि की विकास रणनीति के तहत अगले तीन साल में अपने कर्मचारियों की संख्या 700 से बढ़ाकर 2,000 से अधिक करने की योजना भी बना रही है। इसके साथ कंपनी ने प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) को तीन साल में 2,500 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है जो वित्त वर्ष 2025-26 में 499 करोड़ रुपये था।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज रवि ने कहा, ‘‘ भारत की वृद्धि गाथा खासकर छोटे शहरों, कस्बों और गांवों में कर्ज की कमी को दूर करने का एक अच्छा मौका देती है। हालांकि, वित्तीय समावेश में काफी प्रगति हुई है, फिर भी कई क्षेत्रों में खासकर… छोटे व्यवसायों के लिए ऋण तक पहुंच सीमित है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ देश भर में अपनी उपस्थिति को मजबूत करके, हमारा लक्ष्य भारत के वित्तीय समावेश को आगे बढ़ाने में सार्थक योगदान देना है…।’’
भाषा रमण निहारिका अजय
अजय