Durg Crime News. Image Credit: IBC24 File
दुर्ग। Durg Crime News: जिले के बोरी थाना क्षेत्र के नवागांव में 17 जून को मिली बुजुर्ग की सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की हत्या उसके ही बेटे ने की थी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
Durg Crime News: जानकारी के अनुसार 17 जून को नवागांव में एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव की स्थिति खराब होने के कारण मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया था। मामले में मृतक के बेटे ने ही प्रार्थी बनकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस जांच की मांग की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। रिपोर्ट में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने और हमले के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक और उसके बेटे के बीच लंबे समय से विवाद होने की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर जब बेटे से पूछताछ की गई तो कई अहम तथ्य सामने आए। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने अपने पिता की हत्या की थी। घटना को छिपाने के लिए उसने खुद ही प्रार्थी बनकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।