तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मोदी को पत्र लिखकर कपास पर आयात शुल्क हटाने की अपील की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मोदी को पत्र लिखकर कपास पर आयात शुल्क हटाने की अपील की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने मोदी को पत्र लिखकर कपास पर आयात शुल्क हटाने की अपील की
Modified Date: May 14, 2026 / 07:57 pm IST
Published Date: May 14, 2026 7:57 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

चेन्नई, 14 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कपास पर आयात शुल्क हटाने की अपील की।

मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय ने मोदी को लिखे अपने पहले पत्र में कहा कि तमिलनाडु देश का सबसे बड़ा कपड़ा और परिधान निर्यात करने वाला राज्य है।

उन्होंने लिखा कि लाखों लोग खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाएं प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के लिए इस क्षेत्र पर निर्भर हैं।

उन्होंने कहा कि कपास की कीमतों में वृद्धि और परिणामस्वरूप धागे की कीमतें बढ़ने के कारण यह उद्योग गंभीर संकट का सामना कर रहा हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि इसका मुख्य कारण कपास उत्पादन में कमी और देश में व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि है।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि कपास की कीमत पिछले दो महीनों में 25 प्रतिशत वृद्धि के साथ 54,700 रुपये से बढ़कर 67,700 रुपये प्रति गांठ हो गई है जबकि धागे का दाम 301 रुपये से बढ़कर 330 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस स्थिति में, कच्चे माल की निरंतर आपूर्ति केवल आयात के माध्यम से ही सुनिश्चित की जा सकती है।’’

उन्होंने कहा कि कपास पर 11 प्रतिशत आयात शुल्क लगता है, ऐसी स्थिति में, शुल्क-मुक्त कपास आयात की अनुमति देने से इस उद्योग को बढ़ती निर्यात प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बने रहने में मदद मिलेगी।

विजय ने कहा कि कृषि के बाद, कपड़ा और परिधान क्षेत्र सबसे अधिक रोजगार सृजन करने वाले क्षेत्रों में से एक है।

उन्होंने कहा, “लाखों लोगों के रोजगार की रक्षा करना और कपड़ा मूल्यर्धन श्रृंखला को टिकाऊ बनाये रखना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “इसलिए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कपास पर आयात शुल्क को मौजूदा 11 प्रतिशत से घटाकर शून्य किया जाए।’’

भाषा

राजकुमार अजय

अजय


लेखक के बारे में