शुल्क दरें बढ़ाने से दूरसंचार कंपनियों का एआरपीयू दशक के उच्चतम स्तर पर जाएगाः क्रिसिल

Ads

शुल्क दरें बढ़ाने से दूरसंचार कंपनियों का एआरपीयू दशक के उच्चतम स्तर पर जाएगाः क्रिसिल

  •  
  • Publish Date - July 16, 2024 / 03:58 PM IST,
    Updated On - July 16, 2024 / 03:58 PM IST

मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) घरेलू रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने मंगलवार को कहा कि सभी प्रमुख निजी दूरसंचार सेवाप्रदाताओं द्वारा शुल्क दरें लगभग एक साथ बढ़ा देने से उनकी प्रति ग्राहक औसत कमाई (एआरपीयू) वित्त वर्ष 2025-26 में 225 रुपये से अधिक के दशक के उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगी।

रेटिंग एजेंसी ने कहा कि उच्च लाभप्रदता और कम पूंजीगत व्यय से दूरसंचार कंपनियों के क्रेडिट प्रोफाइल में भी सुधार होगा।

क्रिसिल ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 2025-26 में दूरसंचार कंपनियों का एआरपीयू 25 प्रतिशत बढ़ जाएगा। एआरपीयू किसी भी दूरसंचार कंपनी की वित्तीय सेहत को मापने के लिए सबसे अधिक इस्तेमाल किए जाने वाला तरीका है।

क्रिसिल के उप मुख्य रेटिंग अधिकारी मनीष गुप्ता ने कहा, ‘‘अगले वित्त वर्ष के अंत तक उद्योग का एआरपीयू पिछले वित्त वर्ष के 182 रुपये की तुलना में 225-230 रुपये के दशक के उच्चतम स्तर पर पहुंच जाना चाहिए।’’

निजी दूरसंचार कंपनियों ने आम चुनावों के बाद नई सरकार गठित होते ही अपनी शुल्क दरों में 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी थी। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए दूरसंचार सेवाएं महंगी हो गई हैं लेकिन कंपनियों का राजस्व बढ़ने की उम्मीद है।

गुप्ता ने कहा कि 5जी सेवाएं शुरू होने के बाद डेटा खपत बढ़ने से भी एआरपीयू में वृद्धि में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाओं के उपयोग, सोशल मीडिया और गेमिंग से उत्पन्न उच्च डेटा खपत के कारण ग्राहक अपने टैरिफ प्लान को बढ़ा रहे हैं।

रेटिंग एजेंसी को उम्मीद है कि एआरपीयू वृद्धि धीरे-धीरे होगी और चालू वित्त वर्ष और अगले वित्त वर्ष में इसका प्रसार होता जाएगा। इस बढ़ोतरी से उद्योग के लिए नियोजित पूंजी पर रिटर्न अगले वित्त वर्ष के अंत तक 11 प्रतिशत तक हो जाएगा जो पिछले वित्त वर्ष में 7.5 प्रतिशत था।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय