नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा): टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आर मुकुंदन ने वर्ष 2026-27 के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने राजीव मेमानी का स्थान लिया है।
उद्योग निकाय सीआईआई ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड की सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक सुचित्रा के एला ने 2026-27 के लिए सीआईआई के नामित अध्यक्ष का पदभार संभाला है। उन्होंने 1996 में भारत बायोटेक की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
आरपी-संजीव गोयनका समूह के वाइस चेयरमैन शाश्वत गोयनका ने 2026-27 के लिए सीआईआई के उपाध्यक्ष का पदभार संभाला है।
मुकुंदन दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए करने के बाद 1990 में टाटा प्रशासनिक सेवा (टीएएस) में शामिल हुए थे। वह आईआईटी रुड़की और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के पूर्व छात्र भी हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय