टाटा केमिकल्स का तीसरी तिमाही में शुद्ध घाटा बढ़कर 93 करोड़ रुपये पर
टाटा केमिकल्स का तीसरी तिमाही में शुद्ध घाटा बढ़कर 93 करोड़ रुपये पर
मुंबई, दो फरवरी (भाषा) टाटा केमिकल्स का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध घाटा बढ़कर 93 करोड़ रुपये हो गया। बाजार में आपूर्ति अधिक होने और सोडा ऐश की कीमतों में गिरावट से घाटे में यह बढ़ोतरी हुई है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 53 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों का विवरण दिया।
आलोच्य तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर करीब 1.11 प्रतिशत घटकर 3,550 करोड़ रुपये रह गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 3,590 करोड़ रुपये था।
टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आर मुकुंदन ने कहा, ‘सोडा ऐश बाजार में आपूर्ति अधिक होने और मांग कम रहने से कीमतों में नरमी आई है। इसके चलते निकट भविष्य का परिदृश्य अनिश्चित बना हुआ है। हालांकि हमने अपनी लागत को नियंत्रित करने और परिचालन क्षमता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया है।’
उन्होंने कहा कि इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा है। बिक्री की मात्रा में वृद्धि और लागत पर कड़े नियंत्रण की मदद से परिचालन स्तर पर कंपनी मजबूत प्रदर्शन करने में सफल रही है।
इस बीच कंपनी के निदेशक मंडल ने तमिलनाडु के वलिनोक्कम में एक विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए 515 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
भाषा सुमित प्रेम
प्रेम

Facebook


