नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) विद्युत वितरण कंपनी टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. (टाटा पावर डीडीएल) बिजली चोरी और कनेक्शन काटने से संबंधित मामलों के त्वरित निपटान के लिए नौ मार्च को विशेष लोक अदालत आयोजित करेगी।
उत्तरी दिल्ली की करीब 70 लाख आबादी को बिजली आपूर्ति करने वाली टाटा पावर डीडीएल ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा, ‘‘कंपनी, दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएसएलएसए) के सहयोग से शनिवार नौ मार्च, 2024 को विशेष लोक अदालत आयोजित करेगी।’’
इस अदालत के जरिये बिजली चोरी और कनेक्शन काटने के मामलों का तत्काल निपटान किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक दिल्ली के रोहिणी स्थिति पीएलए-1 सब स्टेशन बिल्डिंग 2/13 में किया जाएगा।
ग्राहकों को लोक अदालत में भाग लेने के लिए 19124 पर कॉल कर या ‘ईएसी डॉट केयर एट टाटा पावर-डीडीएल डॉट कॉम’ पर ईमेल भेजकर पंजीकरण कराना होगा।
कंपनी के मुताबिक, बिजली चोरी और कनेक्शन काटने से संबंधित मामलों का निपटारा करने के इच्छुक उपभोक्ता इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का तत्काल निपटान करवा सकते हैं।
भाषा
रमण अजय
अजय