टाटा पावर को 324 मेगावाट बिजली आपूर्ति के लिए एसईसीआई से मिला ठेका
टाटा पावर को 324 मेगावाट बिजली आपूर्ति के लिए एसईसीआई से मिला ठेका
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) टाटा पावर को सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसईसीआई) से महाराष्ट्र के भिवपुरी स्थित अपनी 1,000 मेगावाट पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना (पीएसपी) से 324 मेगावाट बिजली आपूर्ति का ठेका मिला है।
कंपनी ने सोमवार को बयान में बताया कि यह परियोजना देश में स्थापित की जा रही पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजनाओं से 1,500 मेगावाट/12,000 मेगावाट-घंटा बिजली आपूर्ति के लिए एसईसीआई की शुल्क आधारित वैश्विक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के तहत आवंटित की गई है।
यह परियोजना ‘ई-रिवर्स’ नीलामी के जरिये हासिल की गई। इसके लिए 40 वर्ष का पंप्ड स्टोरेज खरीद समझौता किया गया है और इसके 2029 तक चालू होने की उम्मीद है।
एसईसीआई से मिला यह ठेका दीर्घावधि ऊर्जा भंडारण क्षेत्र में टाटा पावर की स्थिति को और मजबूत करेगा। यह क्षेत्र भारत की तेजी से बढ़ती सौर एवं पवन ऊर्जा क्षमता को ग्रिड से जोड़ने में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे दिन में उत्पन्न अतिरिक्त बिजली को चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जा सकने वाली विश्वसनीय बिजली में बदला जा सकता है।
टाटा समूह की कंपनी टाटा पावर लिमिटेड बिजली मूल्य श्रृंखला के सभी क्षेत्रों में काम करने वाली एकीकृत बिजली कंपनी है। उसकी परिचालन और निर्माणाधीन परियोजनाओं की कुल क्षमता 26 गीगावाट से अधिक है।
इसमें लगभग 17.5 गीगावाट स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा क्षमता (निर्माणाधीन परियोजनाओं सहित) तथा लगभग 8.9 गीगावाट तापीय बिजली उत्पादन क्षमता शामिल है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


