टेक्नो डिजिटल ने मुंबई में 25 करोड़ रुपये के निवेश से एज डेटा केंद्र शुरू किया
टेक्नो डिजिटल ने मुंबई में 25 करोड़ रुपये के निवेश से एज डेटा केंद्र शुरू किया
नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी (टीईईसीएल) की डिजिटल अवसंरचना इकाई टेक्नो डिजिटल ने मुंबई के महालक्ष्मी क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपये के निवेश से नया एज डेटा केंद्र (ईडीसी) शुरू किया है। इस पर करीब 25 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। कंपनी ने कहा कि यह केंद्र तेजी से बढ़ती लो-लेटेंसी और एआई-तैयार डिजिटल सेवाओं की मांग को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
यह देश में कंपनी का दूसरा एज डेटा सेंटर है। इससे पहले गुरुग्राम में कंपनी की एक ऐसी सुविधा पहले से संचालित हो रही है।
कंपनी ने यह परियोजना रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ 20 वर्ष की राजस्व-साझेदारी साझेदारी के तहत विकसित की है। रेलटेल भारतीय रेल की अनुषंगी कंपनी है। मुंबई स्थित यह 800 किलोवाट क्षमता वाला केंद्र वित्तीय, मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण कारोबारी गतिविधियों को तेज और सुरक्षित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
टेक्नो डिजिटल के निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंकित सरैया ने पीटीआई-भाषा से कहा कि मुंबई एज डेटा सेंटर को विशेष रूप से उच्च प्रदर्शन वाली डिजिटल अवसंरचना के रूप में तैयार किया गया है। यह कम विलंबता (लो-लेटेंसी), कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित और तत्काल आधार पर कारोबारी कार्यों को संभालने में सक्षम होगा।
उन्होंने कहा कि यह निवेश कंपनी की एक अरब अमेरिकी डॉलर की व्यापक योजना का हिस्सा है। इस योजना के तहत कंपनी देशभर में हाइपरस्केल डेटा सेंटर, एज डेटा सेंटर, क्लाउड और नेटवर्क सेवाओं का बड़ा नेटवर्क तैयार करना चाहती है।
सरैया के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक इस एक अरब डॉलर की योजना का आधे से अधिक निवेश विभिन्न परियोजनाओं में लगाया जा चुका होगा। इनमें चेन्नई, नोएडा और कोलकाता में विकसित हो रहे हाइपरस्केल परिसर, मुंबई और गुरुग्राम के एज डेटा सेंटर तथा रेलटेल के साथ शुरू की जा रही एज नेटवर्क परियोजना शामिल हैं।
चालू वित्त वर्ष के दौरान कंपनी पांच अन्य गंतव्यों इंदौर, विशाखापत्तनम, चंडीगढ़, प्रयागराज और लखनऊ तक भी विस्तार की तैयारी कर रही है।
भाषा अजय अजय
अजय

Facebook


