दूरसंचार ग्राहकों की संख्या अप्रैल में बढ़कर 133.7 करोड़, एयरटेल शीर्ष पर: ट्राई

Ads

दूरसंचार ग्राहकों की संख्या अप्रैल में बढ़कर 133.7 करोड़, एयरटेल शीर्ष पर: ट्राई

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 10:07 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 10:07 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) भारती एयरटेल अप्रैल में शुद्ध रूप से 34.82 लाख नए ग्राहक जोड़कर सभी खंडों में ग्राहक वृद्धि के मामले में शीर्ष पर रही। दूरसंचार नियामक ट्राई के मंगलवार को जारी ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

आलोच्य महीने में वायरलाइन खंड में भी कंपनी ने अपने प्रतिद्वंद्वी रिलायंस जियो को पीछे छोड़ते हुए अधिक संख्या में नए ग्राहक जोड़े।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की मासिक ग्राहक रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल में कुल दूरसंचार ग्राहकों की संख्या 69.5 लाख बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर 133.75 करोड़ पर पहुंच गई।

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘भारत में कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या अप्रैल, 2026 में मासिक आधार पर 0.52 प्रतिशत बढ़कर 133.75 करोड़ हो गई जो मार्च, 2026 के अंत में 133.06 करोड़ थी।’’

एयरटेल के शुद्ध रूप से कुल नए ग्राहकों की संख्या अप्रैल, 2026 में 34.82 लाख रही। इसमें वायरलेस या मोबाइल खंड के 31.39 लाख और वायरलाइन खंड के 3.43 लाख ग्राहक शामिल हैं।

जियो के शुद्ध रूप से कुल नए ग्राहकों की संख्या 30.84 लाख रही, जिसमें 29.42 लाख नए मोबाइल कनेक्शन और 1.42 लाख वायरलाइन कनेक्शन शामिल हैं।

मोबाइल और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस कनेक्शन सहित वायरलेस ग्राहकों की संख्या अप्रैल, 2026 के अंत तक बढ़कर 128.89 करोड़ हो गई, जो पिछले महीने 128.23 करोड़ थी।

वोडाफोन आइडिया (वीआई) ने 53,257 नए ग्राहक जोड़े। सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने 76,175 ग्राहक जोड़े। वहीं एमटीएनएल ने 33,403 ग्राहक गंवाये।

वायरलाइन ग्राहकों की संख्या अप्रैल, 2026 के अंत तक बढ़कर 4.85 करोड़ हो गई, जो मार्च में 4.82 करोड़ थी। तीनों निजी दूरसंचार कंपनियों और बीएसएनएल ने ग्राहकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की, जबकि एमटीएनएल और टाटा टेलीसर्विसेज को इस खंड में नुकसान हुआ।

टाटा टेलीसर्विसेज ने 82,407 ग्राहक जबकि एमटीएनएल ने 76,633 कनेक्शन गंवाये।

देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की कुल संख्या अप्रैल, 2026 के अंत तक बढ़कर 107.34 करोड़ हो गई।

रिलायंस जियो 52.69 करोड़ ग्राहकों के साथ इस खंड में सबसे आगे रही। इसके बाद क्रमश: एयरटेल (37.3 करोड़ ग्राहक), वोडाफोन आइडिया (12.8 करोड़), बीएसएनएल (2.7 करोड़) और एट्रिया कन्वर्जेंस (24.2 लाख) का स्थान रहा।

भाषा रमण अजय

अजय