ओला इलेक्ट्रिक के डीलर नेटवर्क का पहला चरण शुरू, कई राज्यों में खुले स्टोर

Ads

ओला इलेक्ट्रिक के डीलर नेटवर्क का पहला चरण शुरू, कई राज्यों में खुले स्टोर

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 03:47 PM IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने शुक्रवार को अपने नेटवर्क साझेदारों के स्टोर का पहला चरण शुरू होने की घोषणा की। इसके तहत राजस्थान, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में डीलर संचालित स्टोर खुल गए हैं।

कंपनी ने बयान में कहा कि डीलर-संचालित स्टोर के जरिये प्रमुख क्षेत्रीय बाजारों में उसकी मौजूदगी मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर ओला के स्कूटर एवं मोटरसाइकिल की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

ओला इलेक्ट्रिक ने कहा कि यह उसके खुदरा कारोबार की रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है। ओला इलेक्ट्रिक ने छह अगस्त को पहली बार अपने बिक्री एवं सेवा नेटवर्क को डीलर साझेदारों के लिए खोला था।

कंपनी ने पांच साल पहले अपना पहला स्कूटर पूरी तरह कंपनी स्वामित्व वाले स्टोर मॉडल के जरिये उतारा था।

कंपनी ने कहा कि घोषणा के एक महीने के भीतर ही डीलर स्टोर का संचालन शुरू होना उसके उत्पाद पोर्टफोलियो में डीलरों की मजबूत रुचि को दर्शाता है।

ओला इलेक्ट्रिक के मुख्य व्यवसाय अधिकारी मनोज मुरली ने कहा कि कंपनी ने शुरुआती दौर में कंपनी के स्वामित्व वाले स्टोर के जरिये अपना ब्रांड स्थापित किया, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के प्रति जागरूकता बढ़ाई और 10 लाख से अधिक ग्राहकों का इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन आधार तैयार किया।

उन्होंने कहा, ‘अब डीलर-आधारित नेटवर्क की स्थापना एक रणनीतिक कदम है, जिससे कंपनी के उत्पादों की पहुंच देश के हर हिस्से तक बढ़ेगी। एस1जेड श्रृंखला के साथ साझेदार नेटवर्क ईवी को हर भारतीय परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’

ओला इलेक्ट्रिक का लक्ष्य अगले कुछ तिमाहियों में 500 से अधिक डीलरशिप का नेटवर्क तैयार करना है। इस दौरान उसके मौजूदा कंपनी स्वामित्व वाले स्टोर को ब्रांड के उत्पाद अनुभव केंद्रों में बदला जाएगा।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण