इवेको के अधिग्रहण संबंधी टाटा मोटर्स के प्रस्ताव को मिली नियामकीय मंजूरी

Ads

इवेको के अधिग्रहण संबंधी टाटा मोटर्स के प्रस्ताव को मिली नियामकीय मंजूरी

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 03:03 PM IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) घरेलू वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को कहा कि इटली के बाजार नियामक कंसोब ने इवेको ग्रुप एनवी के सभी साधारण शेयरों के अधिग्रहण के लिए उसके स्वैच्छिक निविदा प्रस्ताव के दस्तावेज को मंजूरी दे दी है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इवेको के शेयरधारकों के लिए प्रस्ताव स्वीकार करने की अवधि सात सितंबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर तक चलेगी। हालांकि, इस अवधि को बढ़ाया जा सकता है।

निविदा प्रस्ताव के तहत टाटा मोटर्स इवेको ग्रुप के प्रत्येक साधारण शेयर के लिए लाभांश समेत 14.10 यूरो का भुगतान करेगी।

टाटा मोटर्स की अप्रत्यक्ष अनुषंगी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी को तीन सितंबर, 2026 को कंसोब से प्रस्ताव दस्तावेज की मंजूरी मिली।

कंपनी ने कहा कि प्रस्ताव अवधि के दौरान शेयर बेचने वाले शेयरधारकों को 30 अक्टूबर, 2026 को भुगतान किया जाएगा। यदि प्रस्ताव अवधि बढ़ाई जाती है तो भुगतान की तारीख भी बदल सकती है।

कानूनी शर्तें पूरी होने पर प्रस्ताव को दो से छह नवंबर तक पांच कारोबारी दिनों के लिए दोबारा खोला जाएगा। इस स्थिति में भुगतान 13 नवंबर, 2026 को किया जाएगा।

यह प्रस्ताव इटली में शुरू होगा और संबंधित प्रतिभूति नियमों के अनुरूप अमेरिका के शेयरधारकों के लिए भी उपलब्ध होगा।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव की स्वीकृति अवधि अभी शुरू नहीं हुई है और जारी की गई सूचना केवल जानकारी के उद्देश्य से है। यह प्रतिभूतियों को खरीदने का प्रस्ताव या उन्हें बेचने के लिए आग्रह नहीं है।

टाटा मोटर्स ने जुलाई 2025 में अपनी अप्रत्यक्ष अनुषंगी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स पीटीई. लिमिटेड के जरिये इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के अपने फैसले की घोषणा की थी।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण