मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के उत्तरी हिस्से को 15 जनवरी से ढहाया जाएगा

Ads

मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के उत्तरी हिस्से को 15 जनवरी से ढहाया जाएगा

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 07:39 PM IST

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) अदाणी समूह के संचालन वाले मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 (टी1) के उत्तरी हिस्से को अगले साल 15 जनवरी से ढहाने का काम शुरू होगा। इसके हवाई यातायात को टर्मिनल-2 (टी2) और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

हवाई अड्डे की संचालक फर्म मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) ने नागर विमानन मंत्रालय को भेजे 13 अगस्त के पत्र में कहा है कि पुनर्विकास के पहले चरण में टर्मिनल-1बी के उत्तरी हिस्से को ढहाया जाएगा। यह हिस्सा सालाना करीब 50 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालता है।

करीब 80 साल पुराने टी1 के कुछ हिस्सों को पहले ही गिराया जा चुका है।

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टी1 और टी2 की क्षमता क्रमशः करीब 1.5 करोड़ और चार करोड़ यात्रियों को संभालने की है।

एमआईएएल के मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी विष्णु मोहन झा ने पत्र में कहा है कि एक अक्टूबर से एक-तिहाई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद 25 अक्टूबर से टी1 की एक-तिहाई उड़ानों को टी2 में स्थानांतरित किया जाएगा।

पत्र के मुताबिक, एयरलाइन कंपनियों को करीब साढ़े तीन महीने की बदलाव संबंधी सहायता देने के बाद टी1बी के उत्तरी हिस्से को ढहाने का काम शुरू किया जाएगा। अकासा एयर ने एक अगस्त से अपना घरेलू परिचालन टी1 की जगह टी2 में स्थानांतरित कर दिया है।

एमआईएएल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन कंपनियों के साथ कुछ उड़ानों को टी2 से नवी मुंबई हवाई अड्डे तथा टी1 से टी2 में स्थानांतरित करने को लेकर बातचीत कर रही है।

इस बारे में एमआईएएल की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है।

मुंबई और नवी मुंबई दोनों हवाई अड्डों का स्वामित्व अदाणी समूह के पास है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय