रुपया शुरुआती कारोबार में 16 पैसे चढ़कर 95.03 प्रति डॉलर पर
रुपया शुरुआती कारोबार में 16 पैसे चढ़कर 95.03 प्रति डॉलर पर
मुंबई, दो जून (भाषा) रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 16 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.03 पर पहुंच गया। भारत की मजबूत घरेलू आर्थिक स्थिति और जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच संतुलन बनने से रुपये को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया की अनिश्चित स्थिति हालांकि अब भी वित्तीय बाजारों और ऊर्जा कीमतों पर दबाव बनाए हुए है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.16 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में चढ़कर 95.03 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे अधिक है।
रुपया सोमवार को 34 पैसे टूटकर 95.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.19 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 296.19 अंक फिसलकर 73,971.30 अंक पर जबकि निफ्टी 103.30 अंक टूटकर 23,272.25 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.42 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 3,911.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


