अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 90.91 पर स्थिर बंद

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 90.91 पर स्थिर बंद

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 90.91 पर स्थिर बंद
Modified Date: February 26, 2026 / 09:29 pm IST
Published Date: February 26, 2026 9:29 pm IST

मुंबई, 26 फरवरी (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 90.91 पर स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और दुनिया की प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने के बीच रुपये में स्थिरता रही।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा शेयरों में बिकवाली और व्यापार संबंधी चिंताओं के कारण भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा। बाजार प्रतिभागियों को शुक्रवार को जारी होने वाले घरेलू जीडीपी आंकड़ों का भी इंतजार रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, डॉलर के मुकाबले रुपया 90.86 पर खुला और कारोबार के दौरान 90.81-90.94 के सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में 90.91 पर बंद हुआ। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले स्थिरता के रुख को दर्शाता है।

बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले चार पैसे की बढ़त के साथ 90.91 पर बंद हुआ।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने का जोखिम और व्यापार शुल्क की अनिश्चितता के बीच रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। बाजार को अमेरिका और ईरान के बीच जिनेवा में होने वाली बातचीत के नतीजे का इंतजार है। कारोबारी अमेरिका से आने वाले रोजगार आंकड़ों से भी संकेत ले सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत के 90.60 रुपये से 91.20 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत घटकर 97.73 पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.21 प्रतिशत बढ़कर 71 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 27.46 अंक घटकर 82,248.61 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 14.05 अंक बढ़कर 25,496.55 पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में