मुंबई, 11 मार्च (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में चार पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 91.89 पर पहुंच गया। विदेशी पूंजी की निकासी और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण रुपये पर दबाव बना हुआ है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि डॉलर के कमजोर रुख और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने हालांकि स्थानीय मुद्रा में तेज गिरावट को सीमित कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 91.92 पर खुला। फिर चढ़कर 91.89 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से चार पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपये ने मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से जोरदार वापसी की और 36 पैसे चढ़कर 91.85 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.78 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 96.12 अंक टूटकर 78,109.86 अंक पर जबकि निफ्टी 22.95 अंक फिसलकर 24,238.65 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 87.47 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 4,672.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका