रुपया 89 पैसे लुढ़ककर अब तक के सबसे निचले स्तर 94.85 प्रति डॉलर पर बंद
रुपया 89 पैसे लुढ़ककर अब तक के सबसे निचले स्तर 94.85 प्रति डॉलर पर बंद
मुंबई, 27 मार्च (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 89 पैसे लुढ़ककर 94.85 प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वृहद आर्थिक परिदृश्य पर इसके दुष्प्रभाव की आशंका से घरेलू मुद्रा पर दबाव बना हुआ है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी निवेशकों की निरंतर बिकवाली और पश्चिम एशिया संघर्ष पर अनिश्चितताओं के बीच मजबूत डॉलर के दबाव के कारण रुपया कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉलर की सतत मांग और ऊर्जा आधारित मंहगाई जोखिम, रुपये को दबाव में रख रहे हैं। जब तक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट नहीं आती यह स्थिति बनी रहेगी।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.18 प्रति डॉलर पर खुला और पहली बार 94.50 के स्तर को पार कर गया। अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.85 पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 89 पैसे की गिरावट है।
रुपया बुधवार को 20 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 93.96 पर बंद हुआ था। राम नवमी के कारण बृहस्पतिवार को शेयर, विदेशी मुद्रा, जिंस और सर्राफा बाजार बंद थे।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण भारत के आयात खर्च पर दबाव बढ़ने से रुपये में भारी गिरावट जारी है। लंबी अवधि के लिए कच्चे तेल में बढ़ोतरी की चिंता मुद्रा और समग्र वृहद आर्थिक परिदृश्य पर भारी पड़ रही है।
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘निरंतर डॉलर मांग और ऊर्जा आधारित मुद्रास्फीति जोखिम रुपये को दबव में रख रहे हैं। तकनीकी रूप से, 94.00 का स्तर अब प्रमुख प्रतिरोध के रूप में काम करेगा, जबकि अगला महत्वपूर्ण समर्थन स्तर 95.00 के पास देखा जा सकता है। जब तक कच्चे तेल की कीमतों में सार्थक सुधार नहीं होता तब तक यह स्थति बनी रहेगी।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.94 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों बीएसई सेंसेक्स 1,690.23 अंक यानी 2.25 प्रतिशत टूटकर 73,583.22 अंक जबकि एनएसई निफ्टी 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत फिसलकर 22,819.60 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 110.92 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को 4,367.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


