ट्राई ने संपत्तियों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग जांचने के लिए शुरू किया नया मंच
ट्राई ने संपत्तियों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग जांचने के लिए शुरू किया नया मंच
नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) दूरसंचार नियामक ट्राई ने शुक्रवार को डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग (डीसीआर) मंच की शुरुआत की। यह मंच उपभोक्ताओं को किसी संपत्ति को खरीदने या पट्टे पर लेने से पहले उसकी डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग की जांच करने की सुविधा देगा।
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने एक बयान में कहा कि उपभोक्ता नाम, प्रमाण पत्र पहचान (आईडी) या स्थान के आधार पर रेटिंग वाली संपत्तियों को खोज सकते हैं, उनकी आपस में तुलना कर सकते हैं और क्यूआर कोड के माध्यम से उनके रेटिंग प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर सकते हैं।
इस रेटिंग ढांचे के तहत विभिन्न श्रेणियों की संपत्तियों के लिए तय मानकों के आधार पर फाइबर की तैयारी, मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता, भवन के भीतर समाधान और वाई-फाई बुनियादी ढांचे से जुड़े पैमानों पर संपत्तियों का मूल्यांकन किया जाता है।
ट्राई के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि यह मंच रेटिंग को सार्वजनिक रूप से खोजने योग्य बनाकर उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और तुलनीय जानकारी देगा।
उन्होंने कहा, ”यह उपभोक्ताओं को मजबूत और भरोसेमंद कनेक्टिविटी वाले घरों तथा कार्यालयों के चयन में मदद करेगा, जिससे बेहतर कॉल, डाउनलोड और ऑनलाइन सेवाओं तक निर्बाध पहुंच संभव हो सकेगी।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


