ट्रेंट का मुनाफा चौथी तिमाही में 32.57 प्रतिशत बढ़कर 413 करोड़ रुपये पर
ट्रेंट का मुनाफा चौथी तिमाही में 32.57 प्रतिशत बढ़कर 413 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) टाटा समूह की खुदरा कंपनी ट्रेंट लि. का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 32.57 प्रतिशत बढ़कर 413.1 करोड़ रुपये रहा।
वेस्टसाइड, जूडियो और स्टार ब्रांड नाम से खुदरा स्टोर संचालित करने वाली कंपनी ट्रेंट लिमिटेड ने बुधवार को शेयर बाजार को बताया कि पिछले साल जनवरी-मार्च तिमाही में उसने 311.6 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
इस बीच, ट्रेंट के निदेशक मंडल (बोर्ड) ने प्रत्येक दो इक्विटी शेयरों पर एक इक्विटी शेयर के बोनस शेयर को मंजूरी दी है और 600 प्रतिशत लाभांश की सिफारिश की है, जो एक रुपये के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर छह रुपये बैठता है।
मार्च तिमाही में परिचालन से ट्रेंट का एकीकृत राजस्व 19.23 प्रतिशत बढ़कर 5,027.99 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 4,216.94 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 16.7 प्रतिशत बढ़कर 4,520.95 करोड़ रुपये हो गया। कुल एकीकृत आय 17.8 प्रतिशत बढ़कर 5,055.90 करोड़ रुपये रही।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में ट्रेंट का लाभ सालाना आधार पर 12.18 प्रतिशत बढ़कर 1,721.33 करोड़ रुपये रहा। कुल एकीकृत आय 16.34 प्रतिशत बढ़कर 20,189.05 करोड़ रुपये रही।
कंपनी के चेयरमैन नोएल एन टाटा ने कहा, ”वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने उत्साहजनक प्रदर्शन किया और मजबूती के साथ कई व्यापक आर्थिक और वैश्विक घटनाक्रमों का सामना किया। हमारा मानना है कि एक बार वैश्विक स्तर पर स्थिति स्थिर हो जाने के बाद आने वाले महीनों में उपभोक्ता धारणा में और सुधार होगा।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


