हैदराबाद, 11 अगस्त (भाषा) ट्रिबेका डेवलपर्स और इरा रियल्टी ने मंगलवार को कहा कि वे हैदराबाद में ट्रंप ब्रांड के तहत एक लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करेंगी। इस परियोजना में करीब 2,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
‘ट्रंप टावर्स’ नाम की यह परियोजना कोकापेट के गोल्डन माइल रोड पर स्थित होगी। इसमें 65 मंजिला दो इमारतें होंगी, जिनमें 450 अपार्टमेंट होंगे। इनमें 16 पेंटहाउस भी होंगे। परियोजना का कुल निर्माण क्षेत्र 22 लाख वर्ग फुट होगा।
मुंबई स्थित ट्रिबेका डेवलपर्स भारत में ट्रंप ब्रांड की आधिकारिक प्रतिनिधि कंपनी है। यह भारत में घोषित आठवीं ट्रंप ब्रांडेड परियोजना और दक्षिण भारत में पहली होगी।
भारत में अब तक घोषित आठ ट्रंप ब्रांडेड परियोजनाओं में से चार पुणे, मुंबई, कोलकाता और गुरुग्राम में पूरी हो चुकी हैं।
ट्रिबेका डेवलपर्स के संस्थापक कल्पेश मेहता ने कहा कि कंपनी 2014 में ट्रंप ब्रांड को भारत लेकर आई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद हमने मुंबई, पुणे, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता में परियोजनाएं शुरू कीं, लेकिन अभी तक दक्षिण भारत में प्रवेश नहीं किया था। आज यह बदल रहा है। हैदराबाद लंबे समय से हमारी नजर में था।’’
परियोजना में निवेश के बारे में मेहता ने कहा कि जमीन की लागत को छोड़कर कंपनी करीब 1,700-1,800 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। मौजूदा दरों के अनुसार जमीन की कीमत करीब 250 करोड़ रुपये होगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना से बिक्री आय 3,500 करोड़ रुपये से 4,200 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। एक अपार्टमेंट की शुरुआती कीमत करीब पांच करोड़ रुपये होगी।
मेहता ने कहा कि परियोजना को ग्राहकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और अब तक आठ पेंटहाउस करीब 250 करोड़ रुपये में बिक चुके हैं। इनमें से एक पेंटहाउस 62 करोड़ रुपये में बेचा गया।
उन्होंने दावा किया कि 240 मीटर ऊंचे ये टावर दक्षिण भारत की सबसे ऊंची आवासीय इमारतें होंगी। साथ ही यह भारत का सबसे ऊंचा ट्रंप टावर भी होगा।
ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष एरिक ट्रंप ने कहा, ‘‘भारत दुनिया के सबसे आकर्षक लक्जरी रियल एस्टेट बाजारों में से एक बना हुआ है और हमें पहली बार हैदराबाद में ट्रंप ब्रांड लाने की खुशी है। हम एक बार फिर ट्रिबेका के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।’’
इरा रियल्टी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक नरसी रेड्डी ने कहा, ‘‘हमने कई वर्षों में इस जमीन को एकत्र किया है। हम ऐसा ब्रांड चाहते थे जिसकी पहचान पूरी दुनिया में हो और ऐसा डेवलपर चाहते थे जिसने भारत के कई शहरों में इस स्तर की परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की हों।’’
भाषा रमण अजय
अजय