न्यूयॉर्क, 11 अगस्त (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मीडिया कंपनी ने अपने शेयरों में गिरावट थामने के लिए कई नए कारोबार शुरू किए, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर अब वह अपने मूल मीडिया कारोबार पर फिर से ध्यान केंद्रित कर रही है।
कंपनी ने ‘व्हाइट हाउस’ से जुड़ी सूचनाओं तक तेज पहुंच उपलब्ध कराने वाली एक सशुल्क सेवा शुरू की है, जिसे लेकर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं और शासन पर नजर रखने वाले समूहों ने गंभीर नैतिक सवाल उठाए हैं।
निवेशकों के साथ चर्चा के दौरान सोमवार को ‘ट्रुथ सोशल’ की मूल कंपनी ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप ने कहा कि वह अपने अधिकांश नए कारोबारी विस्तार को समेट रही है और अपने मूल मीडिया कारोबार को मजबूत करेगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जब ट्विटर (अब एक्स) और फेसबुक से हटा दिया गया था, तब उन्होंने ‘ट्रूथ सोशल’ की शुरुआत की थी। इसके बाद कंपनी ने अपने कारोबारी मॉडल में बदलाव किया। अब यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मंच के बजाय व्हाइट हाउस से जुड़ी खबरों और राष्ट्रपति की घोषणाओं का प्रमुख स्रोत बनने की कोशिश कर रही है।
कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट आने के बाद उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी, वित्तीय सेवाओं, निवेश कोष, बिटकॉइन की खरीद एवं भंडारण तथा परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी कारोबार बढ़ाया, लेकिन इन प्रयासों से अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
अब कंपनी ‘ट्रुथ एपीआई’ नाम से एक नई सेवा लेकर आई है। इसके तहत शुल्क देकर ग्राहकों को राष्ट्रपति ट्रंप की पोस्ट सामान्य उपयोगकर्ताओं की तुलना में अधिक तेजी से उपलब्ध कराई जाएगी।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) केविन मैकगर्न ने निवेशकों से कहा कि कई ‘हाई-स्पीड ट्रेडिंग कंपनियां’ इस सेवा से जुड़ चुकी हैं। इनमें से प्रत्येक कंपनी हर महीने 60,000 डॉलर से एक लाख डॉलर तक का भुगतान कर रही है।
उन्होंने कहा कि संभावित ग्राहकों में डेटा सेंटर संचालक, मीडिया संस्थान, बड़े भाषा मॉडल (एलएलएम) विकसित करने वाली कंपनियां और वित्तीय कारोबारी शामिल हैं।
मैकगर्न ने इस सेवा को नैतिक रूप से अनुचित बताए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अन्य सोशल मीडिया कंपनियां भी इसी तरह की सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। वहीं, व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति ट्रंप की सरकारी जिम्मेदारियों और उनके कारोबारी हितों के बीच किसी प्रकार के टकराव से इनकार किया है।
कंपनी के अनुसार, सेवा शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर 10 ‘हाई-स्पीड ट्रेडिंग कंपनियां’ इससे जुड़ चुकी हैं। इन ग्राहकों से कंपनी को सालाना 72 लाख डॉलर से 1.2 करोड़ डॉलर तक की आय होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष कंपनी की कुल आय का लगभग दो से तीन गुना है।
ट्रंप मीडिया को अतिरिक्त आय की जरूरत है। पिछले वर्ष की शुरुआत से अब तक कंपनी को एक अरब डॉलर से अधिक का घाटा हो चुका है।
कंपनी ने विशेष व्यवस्था के तहत ऋणदाताओं से एक अरब डॉलर जुटाए हैं। इस व्यवस्था के तहत ऋणदाता 30 नवंबर से, यानी ऋण की परिपक्वता से 18 महीने पहले, अपने परिवर्तनीय ऋणपत्र वापस खरीदने की मांग कर सकते हैं।
एपी योगेश धीरज
धीरज