यूको बैंक ने दूसरी तिमाही में 30 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, डूबा कर्ज घटा

यूको बैंक ने दूसरी तिमाही में 30 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, डूबा कर्ज घटा

यूको बैंक ने दूसरी तिमाही में 30 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, डूबा कर्ज घटा
Modified Date: November 29, 2022 / 08:19 pm IST
Published Date: October 22, 2020 11:15 am IST

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही में 30.12 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में बैंक को 891.98 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।

तिमाही दर तिमाही आधार पर बात की जाए, तो चालू वित्त वर्ष की जून में समाप्त पहली तिमाही में बैंक ने 21.46 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि दूसरी तिमाही के दौरान उसकी कुल

आय घटकर 4,326.51 करोड़ रुपये रह गई जो कि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4,533.51 करोड़ रुपये रही थी।

तिमाही के दौरान बैंक की ब्याज आय घटकर 3,614.61 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 3,804.64 करोड़ रुपये रही थी।

समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की संपत्ति गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। तिमाही के दौरान कुल कर्ज पर बैंक की सकल गैर निष्पदित आस्तियां (एनपीए) घटकर 11.62 प्रतिशत रह गईं, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 21.87 प्रतिशत थीं। मूल्य के हिसाब से बैंक का सकल एनपीए 25,665.14 करोड़ रुपये से घटकर 13,365.74 करोड़ रुपये रह गया।

इसी तरह बैंक का शुद्ध एनपीए घटकर 3.63 प्रतिशत (3,831.88 करोड़ रुपये) रह गया। एक साल पहले यह 7.32 प्रतिशत (7,238.33 करोड़ रुपये) पर था।

डूबे कर्ज के लिए बैंक का प्रावधान भी घटकर 1,032.14 करोड़ रुपये पर आ गया, जो इससे पिछले साल की इसी अवधि में 2,034.07 करोड़ रुपये रहा था। डूबे कर्ज और अन्य आकस्मिक खर्च के लिए बैंक का कुल प्रावधान 2,099.02 करोड़ रुपये से घटकर 1,300.20 करोड़ रुपये रह गया।

भाषा अजय अजय महाबीर

महाबीर


लेखक के बारे में