उप्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी ने बनाया नया रिकॉर्ड, 5.48 लाख से अधिक लोग पहुंचे
उप्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी ने बनाया नया रिकॉर्ड, 5.48 लाख से अधिक लोग पहुंचे
ग्रेटर नोएडा, 28 सितंबर (भाषा) ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पांच दिवसीय चौथे उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी (यूपीआईटीएस) ने व्यापारिक गतिविधियों के साथ जनभागीदारी का नया रिकॉर्ड बनाया है। इस व्यापार प्रदर्शनी में 28 सितंबर तक 5,48,881 लोग पहुंचे।
इनमें 1,56,523 घरेलू कारोबारी खरीदार और 3,92,358 सामान्य आगंतुक शामिल हैं। मंगलवार को संपन्न होने वाले इस आयोजन में अंतिम दिन यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रदेश के उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), कृषि आधारित उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण, चमड़ा, कालीन, पीतल और कांच उत्पादों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया गया है।
बड़ी संख्या में पहुंचे सामान्य आगंतुकों ने जहां स्थानीय उत्पादों, शिल्प और प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को करीब से देखा, वहीं 1.56 लाख से अधिक कारोबारी खरीदारों की मौजूदगी से स्थानीय उद्यमियों को देश-विदेश के व्यापारियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिला।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की सक्रिय भागीदारी से विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को नए बाजार और साझेदार तलाशने में मदद मिली है।
भाषा सं रवि कांत पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


