लखनऊ, दो जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने बृहस्पतिवार को राज्य के चार जिलों में 10 नयी रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दे दी।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वीकृत की गयी इन परियोजनाओं से लखनऊ, नोएडा, आगरा और गाजियाबाद में लगभग 4,498 आवासीय एवं वाणिज्यिक भवन बनने की उम्मीद है।
बयान के अनुसार, स्वीकृत की गयी परियोजनाओं और उनके तहत बनने वाले भवनों में सबसे ज्यादा राजधानी लखनऊ में निर्मित किये जाएंगे जिनमें 438.29 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश शामिल है। बयान के मुताबिक, इनमें पांच आवासीय परियोजनाएं और एक मिश्रित प्रयोग वाली परियोजना शामिल है, जिनके तहत कुल 2,284 भवन तैयार किये जाएंगे।
यूपी रेरा ने कहा कि रियल एस्टेट (नियमन एवं विकास) अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए इन परियोजनाओं की निगरानी की जाएगी।
बयान के अनुसार, इन निवेश से निर्माण के दौरान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोज़गार पैदा होने और निर्माण सामग्री, इंजीनियरिंग सेवाओं और परिवहन जैसे क्षेत्रों में मांग बढ़ने की उम्मीद है।
बयान के मुताबिक, यूपी रेरा ने कहा कि इन परियोजनाओं में आवासीय, वाणिज्यिक और मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाएं शामिल हैं और इनसे राज्य में नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भाषा
किशोर सलीम पारुल अजय
अजय