नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतों में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुझान और डॉलर के कमजोर होने के कारण सोने की मांग में तेज़ी आई।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, दो दिन की गिरावट के बाद, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार के 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से 3,000 रुपये बढ़कर 1,47,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई।
चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में तेज़ी जारी रही और यह 5,000 रुपये बढ़कर 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले सत्र में चांदी 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
व्यापारियों ने कहा कि विदेशी बाजारों में तेज़ी के बाद सोने की कीमतों में सुधार हुआ, जबकि औद्योगिक और निवेश मांग के कारण चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को सोने की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, क्योंकि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श ने बाज़ार की उम्मीदों के मुकाबले कम सख़्त रुख अपनाया, जिससे ब्याज दरों में जल्द बढ़ोतरी की चिंताएं कम हुईं।’’
वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 38.75 डॉलर या एक प्रतिशत बढ़कर 4,070.04 डॉलर प्रति औंस हो गया और चांदी 1.3 प्रतिशत बढ़कर 59.89 डॉलर प्रति औंस हो गई।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय