यूपी रेरा ने 1,664 करोड़ रुपये की 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी
यूपी रेरा ने 1,664 करोड़ रुपये की 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी
लखनऊ, 23 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने छह जिलों में 1,663.85 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली 12 नयी रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
एक बयान में कहा गया है कि मंगलवार को यहां यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में हुई प्राधिकरण की 214वीं बैठक में मंजूर की गयी इन परियोजनाओं में 3,090 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों शामिल होंगी।
यूपी रेरा के अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ में सबसे ज्यादा निवेश और इकाइयां हैं, जहां 609.35 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश और 1,972 भवन इकाइयां शामिल हैं।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद में तीन आवासीय परियोजनाएं हैं जिनमें 605.06 करोड़ रुपये का निवेश और 574 भवन शामिल हैं, जबकि हापुड़ में दो आवासीय परियोजनाएं हैं जिनमें 123.45 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश और 192 भवन हैं।
उन्होंने बताया कि अयोध्या, प्रयागराज और कानपुर में एक-एक परियोजना को मंजूरी दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं से निर्माण कार्य संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और संबंधित क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण रेरा अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने, समय पर काम पूरा करने और घर खरीदारों के हितों की रक्षा करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।
भाषा सलीम मनीषा अजय
अजय

Facebook


