भारत-नेपाल के बीच यूपीआई आधारित सीमा-पार धन हस्तांतरण सेवा शुरू
भारत-नेपाल के बीच यूपीआई आधारित सीमा-पार धन हस्तांतरण सेवा शुरू
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) भारत और नेपाल ने यात्रियों तथा कारोबारियों के लिए भुगतान और धन हस्तांतरण को आसान बनाने के उद्देश्य से छह जून को पी2पी (दो इकाइयों के बीच) सीमा-पार धन प्रेषण व्यवस्था शुरू की है। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हाल ही में परिचालन में आई यह प्रणाली भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (एनपीआई) के बीच एक सीधा संबंध स्थापित करती है। इससे दोनों देशों के नागरिक मोबाइल बैंकिंग एप्लिकेशन और डिजिटल वॉलेट के माध्यम से सीधे तत्काल समय में धन का हस्तांतरण कर सकेंगे।
मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘यूपीआई-एनपीआई जुड़ाव वित्तीय समावेशन की दिशा में एक बड़ी प्रगति है, जो भारत और नेपाल के बीच मजबूत आर्थिक और डिजिटल संबंधों को बढ़ावा देगा। यह सुलभ, सुरक्षित और किफायती सीमा पार भुगतान के क्षेत्रीय लक्ष्यों के पूरी तरह अनुकूल है और दोनों देशों के पुराने सामाजिक व आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करता है।’’
इस तकनीकी एकीकरण को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा ‘एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड’ (एनआईपीएल) और ‘नेपाल क्लियरिंग हाउस लिमिटेड’ (एनसीएचएल) के बीच सहयोग के माध्यम से पूरा किया गया है।
मंत्रालय ने आगे कहा, ‘‘यह पहल वित्तीय समावेशन को मजबूत करती है, डिजिटल व आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देती है और दोनों देशों के यात्रियों व व्यवसायों के लिए सुविधा बढ़ाती है।’
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


