नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) ऑनलाइन शेयर कारोबार एवं निवेश मंच अपस्टॉक्स ने सोमवार को अमेरिकी शेयरों में निवेश की सुविधा शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत भारतीय निवेशक ऐप के जरिये अमेरिका में सूचीबद्ध 8,000 से अधिक कंपनियों के शेयरों और 2,000 एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) की खरीद-बिक्री कर सकेंगे।
कंपनी ने बयान में कहा कि इस सुविधा में एप्पल, टेस्ला, अमेजन और गूगल जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों के शेयर शामिल हैं। इसमें निवेशकों को ‘फ्रैक्शनल इन्वेस्टिंग’ यानी शेयर के एक हिस्से में निवेश की सुविधा दी गयी है। इस सुविधा के तहत निवेशक महज एक डॉलर से निवेश शुरू कर सकते हैं।
अपस्टॉक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं सह-संस्थापक रवि कुमार ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय निवेश भारत के संपत्ति प्रबंधन क्षेत्र में वृद्धि का अगला महत्वपूर्ण चरण है और अमेरिकी शेयरों में निवेश की शुरुआत हमारे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।’’
उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य भारतीय निवेशकों को उनके लिए तैयार किए गए ‘प्लेटफॉर्म’ के जरिये वैश्विक बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराना है।
अपस्टॉक्स ने कहा कि उपयोगकर्ता भारतीय बैंक खातों से रुपये में अपनी निवेश राशि खाते में जमा कर सकेंगे, जिसे स्वत: अमेरिकी डॉलर में बदला जाएगा। निवेशक बाजार बाद ऑर्डर (एएमओ) के जरिये भी ऑर्डर दे सकेंगे। एएमओ की सुविधा के तहत अमेरिकी बाजार में कारोबारी घंटों के बाद भी ऑर्डर दिए जा सकते हैं।
इस शुरुआत के साथ अपस्टॉक्स ने भारतीय शेयर, वायदा एवं विकल्प खंड, म्यूचुअल फंड, आईपीओ और बीमा से आगे अपनी संपत्ति प्रबंधन सेवाओं का विस्तार किया है।
कंपनी ने कहा कि अमेरिकी शेयर में निवेश से निवेशकों को कृत्रिम मेधा (एआई) समेत अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में निवेश का अवसर मिल सकता है। इससे भौगोलिक और मुद्रा संबंधी विविधीकरण भी हासिल किया जा सकता है।
अपस्टॉक्स ने कहा कि भारत से अमेरिकी शेयर बाजारों में निवेश की भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की उदारीकृत धन प्रेषण योजना (एलआरएस) के तहत अनुमति है और यह लागू नियामकीय रूपरेखा के अनुरूप है।
एलआरएस के तहत निवासी व्यक्ति एक वित्त वर्ष में सभी स्वीकृत उद्देश्यों के लिए कुल 2,50,000 अमेरिकी डॉलर तक की राशि विदेश भेज सकते हैं। यह लागू नियमों पर निर्भर है।
भाषा रमण अजय
अजय