अमेरिका ने क्यूबा की सरकारी कंपनियों पर लगाए नए प्रतिबंध

Ads

अमेरिका ने क्यूबा की सरकारी कंपनियों पर लगाए नए प्रतिबंध

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 11:03 AM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 11:03 AM IST

सैन जुआन (अमेरिका), 24 जून (एपी) अमेरिका ने क्यूबा की सरकारी कंपनियों पर मंगलवार को नए प्रतिबंध लगाए। इनके बारे में विश्लेषकों का कहना है कि इससे विदेशी निवेशक डर सकते हैं और देश का गंभीर आर्थिक संकट और गहरा हो सकता है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ये प्रतिबंध पांच क्यूबाई संस्थाओं पर लगाए गए हैं। इनमें से तीन ‘ग्रुपो दे एडमिनिस्ट्रासियोन एम्प्रेसारियल एसए’ से जुड़ी हैं।

यह क्यूबा की क्रांतिकारी सशस्त्र बलों द्वारा संचालित एक व्यावसायिक समूह है, जिसे आमतौर पर जीएईएसए के नाम से जाना जाता है। माना जाता है कि यह क्यूबा के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 40 प्रतिशत नियंत्रित करता है। 2024 की शुरुआत तक इसके पास 14.5 अरब डॉलर की नकदी संपत्ति थी।

रुबियो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ क्यूबा की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, क्योंकि द्वीप का भ्रष्ट, क्रूर और अमेरिका-विरोधी कम्युनिस्ट शासन अपने पूर्ण नियंत्रण को लोगों की स्वतंत्रता, अवसर और बुनियादी भलाई के आगे तरजीह देता है।

क्यूबा मूल के प्रवासी परिवार से आने वाले रुबियो ने आरोप लगाया कि ‘‘शासन के शीर्ष लोग जीएईएसए का इस्तेमाल द्वीप के सीमित संसाधनों को लूटने और उन्हें शिक्षा, बिजली संयंत्रों तथा आम लोगों की बुनियादी जरूरतों के बजाय दमन, अमेरिका-विरोधी गतिविधियों और जासूसी में लगाने’’ के लिए कर रहे हैं।

क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने इन प्रतिबंधों को खारिज करते हुए रुबियो को ‘‘बेईमान और झूठा’’ करार दिया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ क्यूबा ने यह साबित किया है कि वह अपने लोगों और उनकी जीवन स्थितियों पर थोपे गए निर्दयी आक्रामकता एवं सामूहिक दंड के बावजूद जिनता उसे आंका गया था उससे कहीं अधिक मजबूत, सक्षम एवं प्रभावी है। यह व्यक्ति दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति की ओर से जिस तरह का बढ़ावा दे रहा है, वह एक अपराध है।’’

प्रतिबंधित संस्थाओं में अल्मासेनेस यूनिवर्सालेस एसए (एयूएसए), राफिन एसए, बैंको फिनांसिएरो इंटरनासियोनाल एसए, जियोमिनेरा एसए और एम्प्रेसा सिदेरुर्गिका जोसे मार्ती शामिल हैं।

एपी निहारिका

निहारिका