मेरठ, 24 जून (भाषा) मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र में अपनी दिवंगत मां को जीवित दर्शाकर करीब सात वर्षों तक स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा विभाग की पेंशन की राशि निकालने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शाहपुर जदीद गांव के निवासी प्रेम सिंह ने कुछ अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर अपनी मां शांति देवी के फर्जी जीवित प्रमाण पत्र तैयार कराए। आरोप है कि शांति देवी की मृत्यु के बाद भी उन्हें सरकारी अभिलेखों में जीवित दर्शाया जाता रहा।
जांच में सामने आया है कि शांति देवी के बैंक खाते में आने वाली स्वतंत्रता सेनानी पेंशन तथा रक्षा (डिफेंस) विभाग की पेंशन की रकम एटीएम, यूपीआई और अन्य माध्यमों से लगातार निकाली जाती रही।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की सकौती टांडा शाखा के प्रबंधक की शिकायत पर दौराला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान मंगलवार को वांछित आरोपी प्रेम सिंह को उसके गांव शाहपुर जदीद में स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस कथित धोखाधड़ी में शामिल अन्य अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।
भाषा सं जफर
मनीषा
मनीषा