अमेरिकी दल व्यापार वार्ता के लिए अगले महीने आ सकता भारत : वाणिज्य सचिव
अमेरिकी दल व्यापार वार्ता के लिए अगले महीने आ सकता भारत : वाणिज्य सचिव
नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी दल के अगले महीने भारत आने की संभावना है। हालांकि अभी उनके आने की तारीख तय नहीं हुई है।
भारतीय दल अप्रैल में वॉशिंगटन गया था जहां अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने एवं व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के तहत वार्ताओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई थी।
सचिव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी दल जल्द आएगा। इस महीने नहीं, शायद अगले महीने आएगा…।’’
उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहा है और इस पर उपयुक्त समय पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही भारत धारा-301 के तहत जांच को लेकर भी अमेरिका से बातचीत कर रहा है।
भारत और अमेरिका ने सात फरवरी को संयुक्त बयान जारी कर द्विपक्षीय रूप से लाभकारी व्यापार के लिए अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी।
बीते वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अमेरिका को भारत का निर्यात 0.92 प्रतिशत बढ़कर 87.3 अरब डॉलर जबकि आयात 15.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52.9 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। व्यापार अधिशेष 40.89 अरब डॉलर से घटकर 34.4 अरब डॉलर रहा।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


