वैष्णव ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की

वैष्णव ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की

वैष्णव ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की
Modified Date: February 9, 2026 / 09:48 pm IST
Published Date: February 9, 2026 9:48 pm IST

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की और सेमीकंडक्टर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी, रेलवे तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि वह ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में अमेरिका की मजबूत भागीदारी की उम्मीद करते हैं।

बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ अच्छी बैठक हुई। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला की जुझारू क्षमता पर ध्यान केंद्रित करते हुए हमारे रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।’’

यह मुलाकात भारत और अमेरिका के बीच शुल्कों पर हुए समझौते के कुछ ही दिन बाद और 16-20 फरवरी तक दिल्ली में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ से ठीक पहले हुई। भारत और अमेरिका ने शनिवार को एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे की घोषणा की थी, जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।

भाषा अजय पाण्डेय

अजय


लेखक के बारे में