वेदांता लिमिटेड के तांबा, निकल कारोबार को मिला नया ब्रांड नाम

वेदांता लिमिटेड के तांबा, निकल कारोबार को मिला नया ब्रांड नाम

वेदांता लिमिटेड के तांबा, निकल कारोबार को मिला नया ब्रांड नाम
Modified Date: June 8, 2026 / 04:33 pm IST
Published Date: June 8, 2026 4:33 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) खनन एवं धातु कारोबार से जुड़े वेदांता समूह ने अपने तांबा और निकल कारोबार का नाम बदलकर क्रमशः ‘वेदांता कॉपर’ और ‘वेदांता निकल’ कर दिया है। यह कदम समूह की अलग-अलग क्षेत्रों पर केंद्रित पहचान बनाने की रणनीति के तहत उठाया गया है।

समूह की प्रमुख कंपनी वेदांता लिमिटेड ने सोमवार को एक बयान में कहा कि नए सिरे से ब्रांड स्थापित करने की पहल के तहत स्टरलाइट कॉपर, फुजैरा गोल्ड और वेदांता कॉपर इंटरनेशनल (वीसीआई) जैसी तांबा कारोबार से जुड़ी सभी इकाइयों को ‘वेदांता कॉपर’ ब्रांड के तहत एकीकृत किया जाएगा।

वीसीआई तांबा कारोबार का अंतरराष्ट्रीय प्रभाग होगा, जो संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा और सऊदी अरब में संचालन का प्रतिनिधित्व करेगा।

इसी तरह, ‘वेदांता निको’ का नाम बदलकर ‘वेदांता निकल’ किया गया है। इसका उद्देश्य देश में निकल जैसे महत्वपूर्ण खनिजों के उत्पादन और आपूर्ति तंत्र को मजबूत करना है, जो बैटरी एवं ऊर्जा बदलाव में अहम भूमिका निभाते हैं।

कंपनी ने कहा कि नए ब्रांड नामों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। हालांकि, दोनों कारोबार वेदांता लिमिटेड के तहत ही काम करते रहेंगे।

बयान के मुताबिक, यह बदलाव ‘वेदांता 2.0’ रणनीति का हिस्सा है, जिसका मकसद कारोबार को अधिक संगठित, स्पष्ट और बाजार में पहचान योग्य बनाना है। इससे संचालन में तालमेल, बाजार में दृश्यता और निवेशकों एवं अन्य हितधारकों से जुड़ाव बेहतर होगा।

क्षमता विस्तार के तहत, वेदांता कॉपर अगले साल के अंत तक 460 किलो टन प्रति वर्ष (केटीपीए) उत्पादन का लक्ष्य रखे हुए है। वहीं, वेदांता निकल का लक्ष्य मौजूदा के सात केटीपीए से बढ़ाकर इसे 60 केटीपीए करना है।

वेदांता कॉपर और वेदांता निकल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुनीत खुराना ने कहा, “एकीकृत पहचान के जरिये हम अपने कारोबार को मजबूत और अधिक केंद्रित बना रहे हैं, ताकि बदलती बाजार जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके और टिकाऊ वृद्धि हासिल की जा सके।”

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में