मार्च तिमाही में वाहन, दोपहिया ऋण वितरण में बड़ी गिरावटः रिपोर्ट

Ads

मार्च तिमाही में वाहन, दोपहिया ऋण वितरण में बड़ी गिरावटः रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 08:25 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 08:25 PM IST

मुंबई, 20 मई (भाषा) दिसंबर तिमाही में उछाल के बाद जनवरी-मार्च, 2026 तिमाही में वाहन और दोपहिया ऋण वितरण में मूल्य के लिहाज से बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

ऋण सूचना प्रदाता ‘क्रिफ हाई मार्क’ की यह रिपोर्ट कहती है कि मार्च तिमाही में वाहन ऋण वितरण 11.6 प्रतिशत घटकर 1.05 लाख करोड़ रुपये रह गया। दोपहिया ऋण वितरण में इससे भी अधिक 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 29,800 करोड़ रुपये पर आ गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, जीएसटी दरों को तर्कसंगत बनाए जाने और त्योहारी मांग के कारण अक्टूबर-दिसंबर, 2025 तिमाही में वाहनों की मांग तेजी से बढ़ी थी। इससे बने उच्च आधार के बाद वाहन ऋण वितरण मार्च तिमाही में गिर गया।

हालांकि, पोर्टफोलियो के आधार पर वाहन ऋण में तिमाही आधार पर 3.4 प्रतिशत और दोपहिया ऋण में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में कुल खुदरा ऋण 16.6 प्रतिशत बढ़कर 170 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान दबाव वाले कर्ज में भी कमी आई।

रिपोर्ट के मुताबिक, आवास ऋण पोर्टफोलियो में वित्त वर्ष 2025-26 में 10 प्रतिशत से कम वृद्धि हुई, जबकि सोना रखकर कर्ज वितरण यानी गोल्ड लोन में 50.4 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय