विजय सिंह ने सर रतन टाटा ट्रस्ट से इस्तीफा दिया
विजय सिंह ने सर रतन टाटा ट्रस्ट से इस्तीफा दिया
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) टाटा ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन विजय सिंह ने सर रतन टाटा ट्रस्ट (एसआरटीटी) के न्यासी (ट्रस्टी) पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 14 अगस्त को अपना वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने पर नवीनीकरण नहीं कराने का फैसला किया है। मामले से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पूर्व रक्षा सचिव सिंह, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) के ट्रस्टी बने रहेंगे।
इस बारे में सिंह और टाटा ट्रस्ट से तुरंत प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
यह घटनाक्रम एसआरटीटी के ट्रस्टियों के बीच मतभेदों के बीच सामने आया है। इसके बोर्ड के गठन को नियंत्रित करने वाले नियमों के कथित उल्लंघन की जांच लंबित रहने तक महाराष्ट्र राज्य चैरिटी कमिश्नर ने ट्रस्ट को अपने बोर्ड की बैठक करने से रोक दिया है।
सूत्रों ने कहा कि एसआरटीटी ने प्रतिबंध हटाने की मांग करते हुए चैरिटी कमिश्नर से संपर्क किया है, जिसमें 18 अगस्त को टाटा संस की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में ट्रस्ट की भागीदारी पर इसके संभावित प्रभाव का हवाला दिया गया है।
टाटा संस की एजीएम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें एन चंद्रशेखरन को निदेशक के रूप में फिर से नियुक्त करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। टाटा संस के चेयरमैन के रूप में उनका बने रहना, कंपनी के बोर्ड में बने रहने से जुड़ा है।
सिंह और उनके साथी ट्रस्टी वेणु श्रीनिवासन ने सार्वजनिक रूप से टाटा संस को सूचीबद्ध करने का समर्थन किया है, जिसका टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने विरोध किया है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


