कोलकाता, पांच फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था के वित्त वर्ष 2025-26 में 7.62 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। विधानसभा में बृहस्पतिवार को पेश राज्य की आर्थिक समीक्षा में यह जानकारी दी गई।
जनवरी के पहले अग्रिम अनुमानों के आधार पर, समीक्षा में कहा गया कि बाजार मूल सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के संदर्भ में मापी गई राज्य की अर्थव्यवस्था वित्त 2025-26 के अंत तक लगभग 19.91 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 16.32 लाख करोड़ रुपये था।
समीक्षा में स्थिर कीमतों या वास्तविक जीएसडीपी पर राज्य की अर्थव्यवस्था के वित्त वर्ष 2025-26 में 7.62 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान लगाया है।
आर्थिक समीक्षा में यह भी बताया गया कि वित्त वर्ष 2010-11 के बाद से राज्य के वित्तीय और सामाजिक संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
समीक्षा के अनुसार, राज्य की अपनी कर आय में 2010-11 से 2024-25 के बीच कई गुना वृद्धि हुई है।
भाषा योगेश अजय
अजय