विप्रो का ओलाम समूह से एक अरब डॉलर का करार,माइंडस्प्रिंट को 37.5 करोड़ डॉलर में खरीदने की योजना

विप्रो का ओलाम समूह से एक अरब डॉलर का करार,माइंडस्प्रिंट को 37.5 करोड़ डॉलर में खरीदने की योजना

विप्रो का ओलाम समूह से एक अरब डॉलर का करार,माइंडस्प्रिंट को 37.5 करोड़ डॉलर में खरीदने की योजना
Modified Date: April 6, 2026 / 10:59 am IST
Published Date: April 6, 2026 10:59 am IST

सिंगापुर/नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी विप्रो ने सिंगापुर स्थित खाद्य एवं कृषि कारोबार समूह ओलाम समूह के साथ आठ वर्ष का परिवर्तनकारी करार किया है। इसका अनुबंध मूल्य एक अरब डॉलर (करीब 9,314 करोड़ रुपये) से अधिक होने की उम्मीद है।

विप्रो ने एक बयान में कहा कि इस व्यापक समझौते के तहत वह ओलाम समूह की सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल सेवा इकाई माइंडस्प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड का 37.5 करोड़ डॉलर (करीब 3,494 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण करेगी।

कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ विप्रो ने सिंगापुर मुख्यालय वाले 50 अरब डॉलर से अधिक के खाद्य एवं कृषि कारोबार समूह ओलाम के साथ बहुवर्षीय रणनीतिक परिवर्तन करार किया है। करीब 40,000 कर्मचारियों वाले इस समूह में टेमासेक होल्डिंग्स की बहुलांश हिस्सेदारी है। ओलाम समूह के साथ यह आठ वर्ष का करार अनुबंध मूल्य के लिहाज से एक अरब डॉलर से अधिक का होने की उम्मीद है जिसमें 80 करोड़ डॉलर का सुनिश्चित व्यय शामिल है।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘ इस व्यापक संबंध के तहत विप्रो ओलाम समूह की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा इकाई माइंडस्प्रिंट का अधिग्रहण करेगी।’’

माइंडस्प्रिंट की स्थापना 2007 में हुई थी और इसका मुख्यालय सिंगापुर में है। कंपनी के भारत, सिंगापुर, अमेरिका, ब्रिटेन और पश्चिम एशिया में 3,200 से अधिक कर्मचारी हैं। इसने 2025 कैलेंडर वर्ष में 13.56 करोड़ डॉलर का समेकित राजस्व दर्ज किया था।

यह प्रस्तावित बिक्री, समापन समायोजन के अधीन है। साथ ही यह, ओलाम समूह की अद्यतन 2025 पुनर्गठन योजना के अनुरूप है जिसके तहत समूह अपनी शेष परिसंपत्तियों एवं कारोबारों को समय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक बेचकर उनसे प्राप्त शुद्ध आय को विशेष लाभांश के रूप में अपने शेयरधारकों में वितरित करेगा।

माइंडस्प्रिंट का अधिग्रहण पूर्ण नकद सौदे के रूप में उसकी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए किया जाएगा और इसके 30 जून 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह, समापन समायोजन एवं आवश्यक नियामकीय मंजूरियों (जिनमें सऊदी अरब तथा ऑस्ट्रेलिया में प्रतिस्पर्धा-रोधी मंजूरी भी शामिल है) के अधीन होगा।

विप्रो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक श्रीनी पल्लिया ने कहा, ‘‘ ओलाम समूह के साथ विप्रो की रणनीतिक साझेदारी खाद्य एवं कृषि उद्योग में हमारी ‘फार्म से फोर्क’ क्षमताओं के विस्तार एवं विप्रो इंटेलिजेंस के प्रभाव को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।’’

ओलाम समूह के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सनी वर्गीज ने कहा, ‘‘ माइंडस्प्रिंट के विप्रो के साथ विकास के अगले चरण में प्रवेश करने पर हमें विश्वास है कि उसकी गहरी क्षेत्रीय विशेषज्ञता एवं विप्रो की वैश्विक पहुंच तथा उन्नत क्षमताओं का संयोजन ओलाम समूह को और मजबूत करेगा। यह साझेदारी हमारे परिवर्तन कार्यक्रम को तेज करने और अधिक सुदृढ़ एवं भविष्य के लिए तैयार संगठन बनाने में मदद करेगी।’’

ओलाम समूह खाद्य एवं कृषि कारोबार में अग्रणी है। इसमें टेमासेक होल्डिंग्स की प्रमुख हिस्सेदारी है। कंपनी 60 से अधिक देशों में लगभग 22,000 ग्राहकों को खाद्य पदार्थ, सामग्री, पशु चारा और रेशे की आपूर्ति करती है।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में