एनवीडिया चिप्स पर दो अरब डॉलर खर्च करेगी योटा
एनवीडिया चिप्स पर दो अरब डॉलर खर्च करेगी योटा
नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) योटा डेटा सर्विसेज ने बुधवार को दिल्ली से सटे अपने नए एआई कंप्यूटिंग केंद्र के लिए एनवीडिया की नवीनतम चिप्स की खरीद पर दो अरब डॉलर से अधिक खर्च करने की घोषणा की।
कंपनी ने बयान में कहा कि उसकी योजना अगस्त तक 20,736 ‘एनवीडिया ब्लैकवेल अल्ट्रा जीपीयू’ (चिप्स) तैनात करने की है। यह तैनाती भारत को उन चुनिंदा देशों में शामिल करेगी जो बड़े पैमाने पर एआई बुनियादी ढांचे की मेजबानी करने में सक्षम हैं।
अमेरिकी कंपनी योटा अपनी डीजीएक्स एआई क्लाउड सेवाओं के लिए चार वर्षों में आधी चिप्स का स्वयं उपयोग करेगी जिसका उपयोग टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इन्फोसिस जैसी दिग्गज कंपनियां करती हैं।
योटा ने कहा कि यह सहयोग वैश्विक एआई कंप्यूटिंग आपूर्ति श्रृंखला में एक बड़े बदलाव को दर्शाता है जहां उन्नत बुनियादी ढांचा अब विश्वसनीय क्षेत्रों में वितरित हो रहा है।
कंपनी के अनुसार, भारत का एक प्रमुख एआई बुनियादी ढांचा केंद्र के रूप में उभरना भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करता है।
निरंजन हीरानंदानी के रियल एस्टेट समूह की कंपनी योटा मुंबई और गुजरात के साथ दिल्ली के निकट ग्रेटर नोएडा में तीन डेटा सेंटर परिसरों का संचालन करती है।
नया एआई सुपरक्लस्टर ग्रेटर नोएडा के एक डेटा सेंटर में तैनात किया जाएगा जिसे हजारों अरब पैरामीटर वाले मॉडल के प्रशिक्षण और उच्च क्षमता वाले कार्यभार को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
योटा भारत एआई मिशन के लिए इस क्लस्टर से 10,000 से अधिक एनवीडिया बी300 जीपीयू भी आवंटित करेगी ताकि स्वदेशी मॉडल विकास और स्टार्टअप का समर्थन किया जा सके।
योटा डेटा सर्विसेज के सह-संस्थापक और चेयरमैन दर्शन हीरानंदानी ने कहा कि एआई बुनियादी ढांचा अब मौलिक आर्थिक ढांचा बनता जा रहा है और यह सुपरक्लस्टर वैश्विक एआई श्रृंखला में भारत की स्थिति मजबूत करेगा।
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण एआई बाजारों में से एक के रूप में उभर रहा है और यह विस्तार भारत की सुरक्षित और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी एआई बनाने की महत्वाकांक्षा का समर्थन करता है।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


