महिलाओं पर ‘हमला’ करने के आरोप में कांग्रेस विधायक पर मामला दर्ज

महिलाओं पर ‘हमला’ करने के आरोप में कांग्रेस विधायक पर मामला दर्ज

महिलाओं पर ‘हमला’ करने के आरोप में कांग्रेस विधायक पर मामला दर्ज
Modified Date: July 30, 2024 / 11:35 pm IST
Published Date: July 30, 2024 11:35 pm IST

ग्वालियर, 30 जुलाई (भाषा) ग्वालियर से कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर के खिलाफ कुछ महिलाओं की पिटाई करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ये महिलाएं विधायक से उनके आवास पर बिजली के खराब ट्रांसफॉर्मर की समस्या को हल करने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग कर रही थीं।

ग्वालियर ग्रामीण के विधायक गुर्जर ने आरोपों से इनकार किया है और राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है।

ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने कहा कि एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) और 296 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि वह और मऊ गांव की अन्य महिलाएं सोमवार सुबह खराब ट्रांसफॉर्मर की समस्या के समाधान की मांग को लेकर गुर्जर के आवास पर पहुंची थीं।

उसने दावा किया, “मदद करने के बजाय, गुर्जर ने हमें पीटा और मुझे और अन्य महिलाओं को बालों से घसीटा।”

हालांकि, गुर्जर ने दावा किया कि ग्रामीणों द्वारा उनसे मिलने के बाद उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों से बात की और उन्हें समस्या को सुलझाने का निर्देश दिया।

विधायक ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उनके घर के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी और थाने जाने से पहले उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) पर हमला करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, ‘मैंने कुछ भी अभद्र नहीं कहा। यह एक राजनीतिक साजिश लगती है।’

भाषा सं दिमो नोमान

नोमान


लेखक के बारे में