बलरामपुर में तेंदुए के हमले में 87 भेड़ों की मौत, 14 घायल

Ads

बलरामपुर में तेंदुए के हमले में 87 भेड़ों की मौत, 14 घायल

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 06:40 PM IST

बलरामपुर (उप्र), 24 अगस्त (भाषा) बलरामपुर जिले में सोहेलवा वनक्षेत्र के खदगोरा गांव में तेंदुए के हमले में 87 भेड़ों की मौत हो गई और 14 घायल हो गईं। वन विभाग ने यह जानकारी दी।

वन विभाग के उप रेंज अधिकारी बजरंगी प्रसाद ने सोमवार को बताया कि गैसड़ी पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में कन्हैया पाल और उनके भाई विजय पाल ने भेड़ें पाल रखी थीं तथा रविवार रात भेड़ों के बाड़े में कोई जंगली जानवर घुस आया और उसने भेड़ों को मार दिया।

उन्होंने बताया कि सुबह जब भेड़ पालक बाड़े में गए तो 87 भेड़ें मरी पड़ी थीं और 14 घायल थीं।

प्रसाद के अनुसार घटना स्थल पर तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं तथा डॉक्टरों की टीम को बुलाया गया है और वन विभाग के साथ मिलकर जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जांच के बाद उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक राकेश कुमार यादव ने भेड़ पालकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भेड़ पालक गरीब परिवार से हैं और भेड़ पालन ही उनकी जीविका है।

उन्होंने मांग की है कि सरकार उन्हें दस-दस लाख रुपये मुआवजा दे ताकि वे अपनी जीविका चला सकें।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार