छत्तीासगढ़ : दो बच्चों को जहर देने के बाद पिता ने की खुदकुशी
छत्तीासगढ़ : दो बच्चों को जहर देने के बाद पिता ने की खुदकुशी
जांजगीर, 18 जून (भाषा) छत्तीगसढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के बाद अपने दो बच्चों को कथित तौर पर जहर दे दिया और फिर खुदकुशी कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि नैला पुलिस चौकी क्षेत्र के बिरकोनी गांव निवासी रमेश कुमार पटेल (35) ने पत्नी से विवाद के बाद बेटे आदर्श (तीन) और अभिनव (दो) को कथित तौर पर जहर देकर मार डाला और फिर खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारियों के मुताबिक, रमेश का अपनी पत्नी से करीब चार दिन पहले विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, परिजनों और रिश्तेदारों को उम्मीद थी कि मामला जल्द सुलझ जाएगा तथा परिवार फिर से एक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को रमेश की पत्नी घर लौटी, लेकिन दोनों के बीच एक बार फिर झगड़ा हो गया, जिसके बाद वह दोबारा मायके चली गई।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह जब पड़ोसी रमेश के घर पहुंचे, तो उन्हें तीनों (रमेश, आदर्श, अभिनव) के शव मिले। उन्होंने इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने घर से जहर का एक पैकेट बरामद किया है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि रमेश ने दोनों बच्चों को जहर देने के बाद खुद जहर खाकर जान दे दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
भाषा
सं संजीव पारुल
पारुल

Facebook


