छत्तीसगढ़: रायपुर में करंट लगने से मां-बेटे की मौत

छत्तीसगढ़: रायपुर में करंट लगने से मां-बेटे की मौत

छत्तीसगढ़: रायपुर में करंट लगने से मां-बेटे की मौत
Modified Date: August 22, 2026 / 08:04 pm IST
Published Date: August 22, 2026 8:04 pm IST

रायपुर, 22 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छत से कपड़े उतारने के दौरान करंट लगने से 54 वर्षीय महिला और उसके 23 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार को टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कल्याणी बाई यादव और उनके बेटे मधुसूदन के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि कल्याणी बाई की बेटी रायपुर के एक कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है और छत्तीसगढ़ नगर में किराये के मकान में रहती है।

कल्याणी बाई अपने बेटे के साथ बेटी से मिलने रायपुर आई थीं।

उन्होंने बताया कि कल्याणी मूल रूप से रायपुर जिले के धरसींवा थाना क्षेत्र के कुंरा गांव की रहने वाली थी, जहां उनका परिवार खेती करता है।

पुलिस के अनुसार, कल्याणी बाई ने छत पर कपड़े सुखाने के लिए तार लगाया था और जब वह कपड़े उतारने के लिए छत पर गईं तो बिजली के करंट की चपेट में आ गईं।

अधिकारियों ने बताया कि मां को करंट की चपेट में देख मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।

उन्होंने बताया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया, ‘‘प्रारंभिक जांच में पता चला कि कपड़े सुखाने के लिए खिड़की में लगे कूलर और छत की रेलिंग के बीच लोहे का पाइप बांधा गया था। आशंका है कि कूलर से करंट बालकनी और धातु के पाइप में फैल गया।’’

पुलिस ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।

भाषा संजीव जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में